राज्यस्तरीय कृषि मेले को कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिया अंतिम रूप, 16 जून से रांची में होगा आयोजन

रांची : झारखंड में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से पहली बार आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कृषि मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। 16, 17 और 18 जून को आयोजित होने वाले इस मेले का उद्घाटन Hemant Soren करेंगे।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और नवाचारों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।
मेले में देशभर के 50 से अधिक कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ भाग लेंगे। किसान उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, नई कृषि तकनीकों और कृषि आधारित रोजगार के अवसरों पर विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकेंगे। साथ ही विभिन्न राज्यों में सफल कृषि मॉडल और अत्याधुनिक कृषि उपकरणों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
आयोजन की एक विशेषता यह भी होगी कि इसमें कृषि उद्यमिता और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य कृषि को केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है।
मेले के दौरान प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें झारखंड की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। कृषि विभाग का मानना है कि यह आयोजन राज्य में कृषि निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को भी कृषि क्षेत्र की ओर आकर्षित करेगा। किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों में इस मेले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *