जेएससीए स्टेडियम में सजेगा टी-20 का महाकुंभ, दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क

रांची: झारखंड के क्रिकेट इतिहास में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हो रही झारखंड टी-20क्रिकेट लीग का आगाज 10 जून से जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने जा रहा है। राज्य के छह क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें मैदान पर उतरेंगी और अगले दो सप्ताह तक क्रिकेट प्रेमियों को चौकों, छक्कों और रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद मिलेगा।
एस जे अपलिफ्ट के निदेशक संभव जैन ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बॉलीवुड गायिका कणिका कपूर अपने गीतों से समां बांधेंगी, वहीं झारखंड के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। क्रिकेट और मनोरंजन का यह संगम आयोजन को खास बनाएगा।
रोज होंगे दो मुकाबले, पहला मैच दिन के 12 बजे और दूसरा सांय 7 बजे होगा आरंभ
लीग चरण में प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दोपहर 12 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 22 जून को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 23 जून की रात फाइनल मुकाबले के साथ पहले झारखंड टी-20 चैंपियन का ताज किस टीम के सिर सजेगा, इसका फैसला होगा।
सबसे खास बात यह है कि क्रिकेट प्रेमी बिना किसी टिकट शुल्क के स्टेडियम में प्रवेश कर मैचों का आनंद ले सकेंगे। मैच के निर्धारित समय से दो घंटे पहले दर्शक स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे . जो दर्शक मैदान नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियो हॉटस्टार और डीडी स्पोर्ट्स पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
इस लीग में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के नाम पर बनी छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। टीमों की कमान अनुभवी कोचों के हाथों में होगी। रांची टाइटंस के हेड कोच रतन कुमार, धनबाद डायमंड्स के राहुल शुक्ला, जमशेदपुर स्टीलर्स के एस.पी. गौतम, संथाल स्ट्राइकर्स के शब्बीर हुसैन, कोयलांचल सुपर किंग्स के सनी गुप्ता और छोटानागपुर रॉयल्स के इशांक जग्गी अपनी-अपनी टीमों को खिताब दिलाने की रणनीति में जुटे हैं।
झारखंड क्रिकेट के लिए यह लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने और राज्य में क्रिकेट संस्कृति को नई ऊंचाई तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब नजरें 10 जून पर टिकी हैं, जब झारखंड की धरती पर टी-20 क्रिकेट का यह महासंग्राम शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *