विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के प्रगति की डीसी ने की समीक्षा

खूँटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला योजना अनाबद्ध निधि, PM-ABHIM, DMFT, एवं अन्य मद अंतर्गत स्वीकृत एवं क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति एवं लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने पीसीसी सड़क, आंगनबाड़ी एवं विद्यालय मरम्मत, डीप बोरिंग जैसे महत्वपूर्ण स्वीकृत एवं क्रियान्वित योजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने विभागवार योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन योजनाओं का कार्य प्रगति पर है, उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा जिन योजनाओं में तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाएं हैं, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *