भीषण गर्मी पर सीएम हेमंत सोरेन सख्त, सभी जिलों को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

रांची : झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को आम लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों, बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सरकारी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों और आम नागरिकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाए तथा इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि जहां कहीं भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराई जाए। साथ ही खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत और अन्य वैकल्पिक जल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी और लू से बचाव के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम करे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *