जेल से रिहा हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, पत्नी विधायक निसात आलम सहित कांग्रेसियों ने किया स्वागत
रांची : दो साल जेल में रहने के बाद गुरुवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से पूर्व मंत्री सह कांग्रेस नेता आलम गीर आलम रिहा हो गए। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई। जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। शहर के कई इलाकों में समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।
रिहाई के बाद आलमगीर आलम रांची स्थित अपने सरकारी आवास पहुंचे, जहां उनकी पत्नी निसात आलम और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने उनका स्वागत किया। आवास पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
मीडिया से बातचीत में आलमगीर आलम ने कहा कि यह न्याय की जीत है और उन्हें शुरू से ही न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 15 मई 2024 को टेंडर घोटाला मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने उनके निजी सचिव संजीव लाल और उनके नौकर के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 32 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे। इसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग और टेंडर अनियमितताओं के आरोप में कार्रवाई करते हुए आलमगीर आलम को जेल भेजा था।



