मुरहू में नेटवर्क समस्या पर हरकत में आई एयरटेल टीम, निरीक्षण के बाद सुधार कार्य शुरू

खूंटी: मुरहू क्षेत्र में लंबे समय से खराब नेटवर्क और कमजोर मोबाइल कनेक्टिविटी से जूझ रही जनता को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। उप प्रमुख मुरहू अरुण कुमार साबू द्वारा लगातार उठाई गई शिकायतों और जनहित के मुद्दों को प्रशासन एवं एयरटेल कंपनी ने गंभीरता से लिया। इसी क्रम में एयरटेल कंपनी के टेक्निकल एरिया हेड झा जी एवं पुरुषोत्तम जी ने बुधवार को मुरहू पहुंचकर नेटवर्क व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी अधिकारियों ने स्वीकार किया कि क्षेत्र में नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई थी। उन्होंने माना कि उप प्रमुख अरुण साबू द्वारा उठाई गई शिकायतें पूरी तरह सही एवं जनहित से जुड़ी थीं। अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खराबी और टावर के एयर प्रेशर सिस्टम में गड़बड़ी के कारण नेटवर्क सेवा प्रभावित हो रही थी। इससे लोगों को फोन कॉल, इंटरनेट सेवा, ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग कार्य और सरकारी सेवाओं के उपयोग में काफी परेशानी हो रही थी।
तकनीकी टीम ने मौके पर ही आवश्यक सुधार कार्य और तकनीकी बदलाव किए। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल लगभग 50 प्रतिशत तक नेटवर्क व्यवस्था में सुधार हुआ है तथा आने वाले दिनों में इसे और बेहतर बनाया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी पहले की तुलना में बेहतर कनेक्टिविटी महसूस होने की बात कही।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि पहले हालात इतने खराब थे कि लोगों को मोबाइल पर बात करने के लिए घर और दुकानों से निकलकर सड़क तक जाना पड़ता था। इसका सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, मरीजों, व्यवसायियों और ग्रामीणों पर पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि यह केवल नेटवर्क की समस्या नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आम जनजीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।
उन्होंने जिला उपायुक्त को त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता से जनता का भरोसा मजबूत हुआ है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुरहू क्षेत्र को 100 प्रतिशत बेहतर नेटवर्क सुविधा नहीं मिलती, तब तक वे जनहित में लगातार आवाज उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *