शिवमय हुआ कांके का सुकुरहुटू,संत श्री प्रदीप मिश्रा ने सुनाए आध्यात्मिक प्रसंग,उमड़ा आस्था का सैलाब
रांची: राजधानी रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू फुटबॉल मैदान में आयोजित शिवपुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रसिद्ध कथा वाचक प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और ओडिशा से भी लाखों शिवभक्त पहुंचे।

कथा के दौरान प्रदीप मिश्रा ने शिवभक्ति, आत्मा और परमात्मा के संबंध पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आत्मा अमर है और उसका संबंध सीधे परमात्मा से होता है। अमरनाथ कथा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य सुनाया था। उन्होंने कहा कि “यह आत्मा कभी विधवा नहीं हो सकती, क्योंकि उसका पति स्वयं परमात्मा है।”

उन्होंने हरतालिका तीज व्रत की महिमा बताते हुए कहा कि यह ऐसा व्रत है, जो अंतिम सांस तक चलता है और आत्मा को परमात्मा से जोड़ता है। कथा में चंचूला जी की कथा का भी वर्णन किया गया।
कथा वाचक ने श्रद्धालुओं से “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” बीज मंत्र का जप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव को श्रद्धा से चढ़ाया गया एक लोटा जल भी भक्त के जीवन में परिवर्तन ला सकता है।
कथा सुनने आई महिला पिंकी देवी,ममता देवी,मालती कुजूर,निशा उरांव सहित महिलाओं ने कहा कि देवों के देव महादेव की पूजा अर्चना करने से और उनकी कथा सुनने से सभी कष्ट दूर होते हैं। संत प्रदीप मिश्रा जी का जहां भी शिवपुराण कथा का आयोजन होता है हमलोग जरूर जाते हैं। कथा पंडाल परिसर में भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है। जहां हजारों शिवभक्त शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर गौशाला समिति के सदस्यों के अलावा बीजेपी नेता रमेश सिंह,शिवपूजन पाठक,सन्नी टोप्पो,आरती सिंह,चंदन पाठक सहित कई लोग शामिल थे।

