PC&PNDT एक्ट को लेकर जिला सलाहकार समिति की बैठक, अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई के निर्देश

खूंटी : सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में PC&PNDT एक्ट से संबंधित जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य, चिकित्सक एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सिविल सर्जन एवं मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सदस्यों को PC&PNDT (Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques) एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में एक्ट के तहत कुल 9 अल्ट्रासाउंड क्लीनिक संचालित हैं तथा नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालन के लिए अब तक कोई नया आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
उपायुक्त ने कहा कि एक्ट के तहत जारी सभी गाइडलाइंस का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना समिति के सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला एवं प्रखंड स्तर पर जांच टीम गठित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सदस्यों को उनकी भूमिका एवं एक्ट के क्रियान्वयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों के संचालन में सभी कानूनी प्रावधानों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी कुप्रथाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्लीनिक में चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में जनजागरूकता अभियान तेज करने, समय-समय पर निरीक्षण एवं आवश्यकतानुसार छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, चिकित्सक, अधिवक्ता एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *