बढ़ती महंगाई के खिलाफ झामुमो का हल्ला बोल, रांची समेत सभी जिला मुख्यालयों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गुरुवार को बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य और केंद्रीय सचिव नंदकिशोर मेहता मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में “बंपर सिलेंडर” की बात करती है, लेकिन आज आम लोगों की पहुंच से गैस सिलेंडर दूर हो गया है। उन्होंने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने लोगों की कमर तोड़ दी है।रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। मुस्ताक आलम ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता आर्थिक संकट झेल रही है। उन्होंने कहा कि ठेला-खोमचा संचालक, चाय दुकानदार, ढाबा और छोटे रेस्टोरेंट व्यवसायी लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान हैं और उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है।प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *