त्योहारी सीजन में नये नोट व सिक्कों की पर्याप्त आपूर्ति हो सुनिश्चित : झारखण्ड चैंबर
गणादेश,रांची : झारखण्ड के बैंकों में नये नोट और सिक्कों की कमी के कारण त्योहारी सीजन में व्यापारियों को हो रही कठिनाइयों की शिकायतों पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने संज्ञान लेते हुए रिजर्व बैंक के एजीएम, रीजनल डायरेक्टर, एसएलबीसी के महाप्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के जीएम एवं डीजीएम को पत्राचार कर नये नोट और सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

झारखण्ड चैंबर के अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि वर्तमान में झारखण्ड के बैंकों में 10, 20, 50 एवं 100 रुपये के नये नोटों तथा 5 एवं 10 रुपये के सिक्कों की भारी कमी है। छोटे नोट और सिक्को की कमी से व्यापारियों को परेशानी हो रही है। हमें रांची के अलावा प्रदेश के सभी जिलों से व्यापारियों की समस्याएं मिल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या और भी अधिक है। यह भी देखें तो दीपावली एवं छठ जैसे पर्व भारतीय परंपरा और आस्था से जुड़े हैं। इन अवसरों पर नये नोटों से पूजा करने तथा बच्चों और प्रियजनों को शगुन स्वरूप राशि देने की परंपरा रही है। चैम्बर अध्यक्ष ने बैंकों से आग्रह किया कि अपनी शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को नये नोट और सिक्कों का वितरण करें तथा राज्य के विभिन्न स्थानों पर कॉइन मेला आयोजित करें।
बैंकिंग उप समिति के चेयरमैन महेंद्र जैन ने कहा कि त्योहारी सीजन में नये नोटों एवं सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैंकों के साथ मिलकर सिक्का मेला के आयोजनों के संचालन में हम बैंकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


