श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

रांची :श्री शिवाला सेवा समिति, रांची के तत्वावधान में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ आज अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ हुआ। कथा का आयोजन गोशाला न्यास के अंतर्गत आने वाले सुकरहुट्टू स्थित फुटबॉल मैदान में किया जा रहा है, जहां पहले ही दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा का रसपान करते नजर आए।
प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप जी मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से प्रारंभ हुई इस पावन कथा ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। अपने ओजस्वी और सरल प्रवचन शैली के माध्यम से पंडित मिश्रा जी ने भगवान शिव की महिमा, जीवन के मूल्यों और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम के प्रथम दिन झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष गंगवार जी भी कथा स्थल पर पहुंचे और भगवान शिव की आराधना में सहभागिता निभाई। उनके आगमन से आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई। राज्यपाल महोदय ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसी क्रम में रांची के एडीएम, एसडीएम, ग्रामीण एसपी एवं ट्रैफिक एसपी ने संयुक्त रूप से कथा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन की सक्रियता से पूरे आयोजन में सुव्यवस्था और सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित किया गया है।

बैठने, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर समिति एवं प्रशासन द्वारा समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के कथा का आनंद ले सकें।

श्री शिवाला सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कथा आगामी दिनों में भी इसी प्रकार श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी रहेगी। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

पहले दिन की भव्यता और लाखों श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक उपस्थिति ने यह संकेत दे दिया है कि यह आयोजन आने वाले दिनों में और भी विराट रूप धारण करेगा तथा शिव भक्ति की दिव्य छटा निरंतर बिखेरता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *