रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के विभाग की भी जांच करूंगा जल्द: डॉ. इरफान”

रांची : रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा के नेताओं को अब “इरफान फोबिया” हो गया है। जनता के मुद्दों पर बात करने के बजाय उन्हें हर दिन सिर्फ इरफान अंसारी ही दिखाई देते हैं।

डॉ. अंसारी ने कहा, “संजय सेठ जी, आप भारत सरकार में रक्षा राज्य मंत्री हैं। यदि मैं भी आपकी तरह हर दिन बयानबाजी करने लगूं तो आपको जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। आप रिम्स गवर्निंग बॉडी (परिषद) के सदस्य भी हैं। यदि व्यवस्था को लेकर कोई सुझाव या शिकायत है तो उसे परिषद की बैठक में रखिए। मीडिया में आकर राजनीतिक नौटंकी करने से व्यवस्था नहीं सुधरती।”

उन्होंने कहा कि 20 करोड़ रुपये की लागत से भवन बन जाने मात्र से किसी व्यक्ति का उस पर मालिकाना हक नहीं हो जाता। किसी भी बड़े संस्थान में समय-समय पर तकनीकी और प्रशासनिक कमियां आती हैं, जिन्हें सरकार दूर करती है। यदि कहीं कोई खामी है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा, लेकिन उसका राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रिम्स की व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है और सरकार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रही है। “हमें काम करने दीजिए। बेवजह मुद्दे गढ़कर जनता को गुमराह करने की राजनीति बंद कीजिए।”

डॉ. अंसारी ने संजय सेठ को चुनौती देते हुए कहा, “अगर वास्तव में झारखंड की चिंता है तो केंद्र सरकार से रांची में एम्स लेकर आइए। मैंने कई बार एम्स की मांग उठाई है। आप केंद्रीय मंत्री हैं, अपनी ताकत का इस्तेमाल झारखंड के लिए कीजिए। जिस दिन आप रांची में एम्स की मंजूरी दिला देंगे, सबसे पहले मैं आपका स्वागत और समर्थन करूंगा।”

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को हर दिन सिर्फ बयानबाजी और मीडिया की सुर्खियां चाहिए, जबकि झारखंड सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। जनता अब केवल आरोप नहीं, परिणाम देख रही है और भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *