कैंसर सर्वाइवरों को डीसी ने किया सम्मानित, जागरूकता और समय पर जांच पर दिया जोर
रांची: राजधानी रांची के करंटोली स्थित सिलेबरेशन हॉल में शनिवार को आरजेएस कैंसर अस्पताल की ओर से कैंसर कॉन्क्लेव एवं जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अस्पताल की निदेशक डॉ. पल्लवी पाण्डेय ने उनका स्वागत किया। सेमिनार में देश के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर की रोकथाम, उपचार और आधुनिक तकनीकों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने गुमला, खूंटी, हजारीबाग और पलामू सहित विभिन्न जिलों से आए 15 कैंसर सर्वाइवरों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कैंसर को मात देने वाले लोगों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी संघर्षगाथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
अपने संबोधन में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कैंसर के इलाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पहले जहां इस बीमारी को लाइलाज माना जाता था, वहीं अब आधुनिक तकनीकों और समय पर जांच के माध्यम से इसका सफल उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देना चाहिए और कैंसर से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और जांच सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को इलाज में आर्थिक सहायता मिल रही है।
आरजेएस कैंसर अस्पताल की निदेशक डॉ. पल्लवी पाण्डेय ने बताया कि कैंसर कॉन्क्लेव का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और विशेषज्ञों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान करना है। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, कैंसर की चारों स्टेज, उपचार की नई तकनीकों और सर्वाइवरशिप जैसे विषयों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और सही उपचार से कैंसर के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाया जा सकता है।इस अवसर पर डॉ ईशान सहित कई लोग मौजूद थे।


