विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्व. सदानंद सिंह की स्मृतियां शनिवार को एक बार फिर जीवंत हो उठीं

भागलपुर। कहलगांव की राजनीति और विकास की पहचान रहे बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्व. सदानंद सिंह की स्मृतियां शनिवार को एक बार फिर जीवंत हो उठीं। गोराडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण उनके पुत्र विधायक शुभानंद मुकेश ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न दलों के नेता और आम नागरिक शामिल हुए।

प्रतिमा का अनावरण होते ही पूरा परिसर तालियों और श्रद्धांजलि के नारों से गूंज उठा। लोगों ने पुष्प अर्पित कर स्व. सदानंद सिंह को नमन किया और उनके सार्वजनिक जीवन में किए गए योगदान को याद किया।

इस अवसर पर विधायक ई. शुभानंद मुकेश ने कहा कि स्व. सदानंद सिंह केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि कहलगांव के विकास की मजबूत पहचान थे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की उनकी सोच आज भी प्रेरणा देती है। विधायक ने कहा कि उनके पदचिह्नों पर चलते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह में वक्ताओं ने स्व. सदानंद सिंह के लंबे राजनीतिक जीवन, सादगी और विकासोन्मुखी कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री के रूप में बिहार के साथ-साथ भागलपुर और कहलगांव को नई पहचान दिलाई। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

कार्यक्रम में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष शाहवाज आलम, किशोर तांती और विजय मंडल, गोराडीह प्रमुख संगम कुमारी, पूर्व प्रमुख अशोक कुमार, जिला महासचिव रविंद्र कुमार, छात्र जदयू के महानगर जिला अध्यक्ष वसीम अकरम, पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन साह समेत कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और ग्रामीणों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर स्व. सदानंद सिंह को श्रद्धांजलि दी। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र के विकास, सामाजिक समरसता और जनसेवा के उनके योगदान को भावपूर्ण ढंग से याद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *