रूस में मिली डॉ. अनन्य नमन केशरी को एमबीबीएस की डिग्री, पिठोरिया में खुशी की लहर
पिठोरिया : मेहनत, लगन और संकल्प जब एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तो सफलता स्वयं मंजिल बनकर सामने खड़ी हो जाती है। इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए पिठोरिया निवासी सतीश कुमार केशरी के पुत्र डॉ. अनन्य नमन केशरी ने रूस की प्रतिष्ठित क्रीमिया फेडरल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता और परिवार का, बल्कि पूरे पिठोरिया क्षेत्र का मस्तक गर्व से ऊंचा कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामवासियों में हर्ष और उत्साह का वातावरण बन गया।
डॉ. अनन्य नमन केशरी की यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उस पारिवारिक परंपरा का गौरवपूर्ण विस्तार है, जिसने शिक्षा, सेवा और संस्कार को अपनी पहचान बनाया है। उल्लेखनीय है कि इसी परिवार की नई पीढ़ी के डॉ. स्वस्ति केशरी और डॉ. शाश्वत केशरी पहले ही चिकित्सा जगत में अपनी प्रतिभा और सेवाभाव से परिवार तथा समाज का नाम रोशन कर चुके हैं। अब डॉ. अनन्य नमन केशरी के इस गौरवपूर्ण पड़ाव ने उस परंपरा में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है


