बोकारो ट्रेज़री से वेतन मद से 3.50 करोड़ ,नहीं 4.29 करोड़ की हुई अवैध निकासी ,लेखापाल गिरफ्तार
बोकारो, – बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति में वेतन मद में करोड़ों रुपये की फर्जी निकासी का बड़ा मामला सामने आया है। 3.15 करोड़ की निकासी का मामला अब तक चर्चे में था ,लेकिन 4.29 करोड़ रुपए की अवैध निकासी हुई है , जिसकी जानकारी प्रेस रिलीज के माध्यम से बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने दी है ।प्रेस रिलीज के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को प्रकाशित खबर में एक दारोगा के वेतन मद से 3.15 करोड़ रुपये निकासी की बात सामने आई थी। इसके बाद मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक एवं नगर पुलिस उपाधीक्षक को जांच का जिम्मा सौंपा गया। जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, में तैनात लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय से पूछताछ की गई, लेकिन प्रारंभ में उन्होंने इस तरह की किसी निकासी से इनकार किया।
हालांकि, e-Kuber DDO लेवल बिल मैनेजमेंट सिस्टम, झारखंड पोर्टल की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान हवलदार उपेन्द्र सिंह के नाम पर 25 माह (नवंबर 2023 से मार्च 2026 तक) में 63 बार कुल 4,29,71,007 रुपये की फर्जी निकासी की गई। पूछताछ में लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि हवलदार उपेन्द्र सिंह वर्ष 2016 से सेवानिवृत्त हैं, लेकिन पोर्टल में उनके विवरण को संपादित कर उनके नाम पर फर्जी निकासी की जाती रही। निकाली गई राशि खाते संख्या 42945898462 में ट्रांसफर की गई, जो उनकी पत्नी के नाम पर है।इस मामले में जिला कोषागार पदाधिकारी के आवेदन पर बीएस सिटी थाना में 7 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी लेखापाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



