खूंटी में युवा कांग्रेस नेत्री ने जिलाध्यक्ष पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, कार्रवाई की मांग

खूंटी : तोरपा युवा कांग्रेस की पूर्व जिला महासचिव और वर्तमान विधानसभा उपाध्यक्ष सुमन जायसवाल ने खूंटी के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को लिखित शिकायत देकर दुर्व्यवहार, मानसिक उत्पीड़न और शारीरिक हमले का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, सुमन जायसवाल दिल्ली में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में भाग लेने गई थीं। उनके साथ अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे। दिल्ली प्रवास के दौरान एक महिला कार्यकर्ता के अचानक कमरे से बाहर जाने और वापस नहीं लौटने पर जब सुमन ने जिलाध्यक्ष से जानकारी लेनी चाही, तो उन्होंने सहयोग करने के बजाय कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक आरोप लगाए।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें गालियां दी गईं और धमकी दी गई कि उनका टिकट नहीं कराया जाएगा, जिसके कारण उन्हें अकेले ही स्टेशन जाना पड़ा। बाद में माफी मांगकर साथ लौटने की बात कही गई, लेकिन ट्रेन में भी उनके साथ दुर्व्यवहार जारी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ हाथापाई की गई और कलाई मरोड़ दी गई।
सुमन जायसवाल ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह घटना न केवल एक महिला कार्यकर्ता के सम्मान पर चोट है, बल्कि संगठन की छवि को भी नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी को पद से हटाने और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो वह स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने को बाध्य होंगी।
वहीं, इस मामले को लेकर संगठन के स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *