हजारीबाग घटना के विरोध में बीजेपी महिला मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया
रांची: हजारीबाग जिले के कुसुंबा में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज महिला मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि एक ओर सरकार महिलाओं के सम्मान और कल्याण की योजनाओं की बात करती है, वहीं दूसरी ओर राज्य में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना में शामिल आरती कुजूर, रेणु तिर्की, पायल सोनी, शीतल वर्मा और आरती झा सहित कई महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि यह लड़ाई न्याय मिलने तक जारी रहेगी और इसे चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा।



