उपायुक्त आर० रॉनिटा ने विश्व प्लंबर दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का किया शुभारंभ, विश्व प्लम्बर दिवस पर किट वितरण
रांची : सरकार के निर्देश पर जिला जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा जिले में 8 मार्च से 22 मार्च तक “जल महोत्सव पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में “विश्व प्लंबर दिवस” के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आर० रॉनिटा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल श्री मनीष कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी तथा जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में प्लंबरों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा ने सभी को “विश्व प्लंबर दिवस” की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष से पहली बार “विश्व प्लंबर दिवस” मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्लंबर एवं जल सहिया की भूमिका अहम है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लंबरों को सम्मानित करते हुए उन्हें किट का वितरण किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहियाओं को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। उपायुक्त ने विलेज वॉटर सैनिटेशन कमिटी में जल सहिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इसके बेहतर संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सभी प्लंबर, पंप होल्डर एवं इलेक्ट्रीशियन को प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जल जीवन मिशन, ग्राम स्तरीय जल आपूर्ति प्रणाली का संचालन एवं रख-रखाव, गांव के प्लंबर की भूमिका, पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, नल कनेक्शन ठीक करने तथा ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणाली के विभिन्न घटकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान जल सहियाओं ने अपने कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों के साथ-साथ व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु अपने अनुभव एवं सुझाव भी साझा किए।
इस अवसर पर जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सहित काफी संख्या में प्लंबर, जल सहिया एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



