मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत मुरहू में प्रखंड प्रमुख अरुण साबू ने लाभुकों के बीच बकरी का वितरण

खूंटी : मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत मुरहू प्रखण्ड में चयनित लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने लाभुकों को बकरियाँ सौंपकर योजना का शुभारंभ किया। पशुपालन विभाग की ओर से केवड़ा, माहिल एवं कोडकेल पंचायत के बड़ी संख्या में चयनित लाभुकों को इसका लाभ दिया गया।
इस मौके पर उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस योजना का संचालन कर रही है। बकरी पालन के माध्यम से लाभुकों को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा तथा उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों से बकरी पालन संबंधी प्रशिक्षण की जानकारी भी ली गई। जिन लाभुकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है, उन्होंने अपने अनुभव साझा किए, वहीं प्रशिक्षण से वंचित लाभुकों को पशु चल चिकित्सक द्वारा आवश्यक दवाइयों के साथ पालन-पोषण एवं देखभाल की जानकारी दी जा रही है।
उप प्रमुख ने बताया कि लाभुकों का चयन प्रखण्ड स्तरीय समिति एवं पंचायत स्तर पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाता है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने लाभुकों से पशुपालन विभाग से नियमित संपर्क बनाए रखने और पशुओं की समय-समय पर देखभाल व टीकाकरण कराने की अपील की, ताकि पशुधन आय का स्थायी स्रोत बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *