पीठासीन पदाधिकारी की डायरी एवं दस्तावेजों की संवीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों संग हुई बैठक
खूंटी : खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में 23 फरवरी 2026 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होने के पश्चात आज पीठासीन पदाधिकारी की डायरी एवं अन्य निर्वाचन संबंधी दस्तावेजों की संवीक्षा को लेकर कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में सभी अभ्यर्थियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामान्य प्रेक्षक रश्मि लकड़ा की उपस्थिति रही। साथ ही सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान 23 फरवरी को संपन्न हुए मतदान के कुल प्रतिशत की जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त वार्डवार हुए मतदान प्रतिशत की भी विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को दी गई।
बैठक में आगामी 27 फरवरी को होने वाली मतगणना की तिथि एवं समय के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मतगणना हेतु काउंटिंग एजेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्र, पहचान पत्र एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के बारे में भी अवगत कराया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक जानकारियाँ साझा की गईं तथा किसी भी शंका के समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी।



