मतदान को लेकर मतदान पदाधिकारियों को विभिन्न पालियों में दिया जा रहा प्रशिक्षण
खूंटी: नगरपालिका (आम) निर्वाचन के तहत खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में आगामी 23 फरवरी को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देश पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, खूँटी में मतदान पदाधिकारियों का चरणबद्ध प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है।
विभिन्न पालियों में चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा द्वारा निरीक्षण कर जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित ट्रेनरों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मतदान पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक बिंदु को भली-भांति समझें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उपायुक्त ने ट्रेनरों को भी निर्देश दिया कि वे राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदशिका के अनुरूप मतदान प्रक्रिया, मतपेटिका की सीलिंग तकनीक, मतदान सामग्री के संधारण, मतदाता पहचान प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने विशेष रूप से लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से मतपेटिका की सीलिंग तकनीक एवं संबंधित प्रक्रियाओं का अभ्यास सुनिश्चित कराने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही सफल मतदान की आधारशिला है। यदि सभी पदाधिकारी प्रशिक्षित एवं सजग रहेंगे तो 23 फरवरी 2026 को मतदान समय पर प्रारंभ होगा तथा पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सकेगी। उन्होंने मतदान कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मी को कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ दायित्व निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग-सह-परियोजना निदेशक, आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।



