‘नो मर्सी’ वीडियो वायरल होने के बाद असम के सीएम के खिलाफ रांची में पीई दर्ज
रांची: सोशल मीडिया पर वायरल हुए ‘नो मर्सी’ वीडियो को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ झारखंड की राजधानी रांची में प्रीमिलरी इंक्वायरी (पीई) दर्ज की गई है। यह मामला रांची के सदर थाना में दर्ज किया गया है, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई झारखंड यूथ कांग्रेस के वाइस प्रेसिडेंट एस. अग्रवाल द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बाद की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि असम के मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट (एक्स, पूर्व में ट्विटर) से एक आपत्तिजनक वीडियो साझा किया, जिसमें वे फायरिंग और शूटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस वीडियो के साथ “No Mercy” जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया, जो हिंसा को बढ़ावा देने वाला संदेश देता है। उनका आरोप है कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की सामग्री सार्वजनिक मंच पर साझा करना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे समाज, विशेषकर युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ सकता है और कानून-व्यवस्था को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
एस. अग्रवाल ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि वीडियो आपत्तिजनक व भड़काऊ पाया जाता है तो संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए। वहीं, सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस वीडियो की सत्यता, उसके पोस्ट किए जाने के उद्देश्य और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यह मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।



