अभियंत्रण सेवा परीक्षा को लेकर रांची में निषेधाज्ञा लागू,8 फरवरी को तीन सेंटर में होगा एक्जाम

रांची: रांची में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित अभियंत्रण सेवा परीक्षा के सुचारु, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। यह परीक्षा 08 फरवरी को रांची जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के संयुक्त आदेश पर परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए निषेधाज्ञा लागू की गई है।
अनुमंडल दंडाधिकारी ने बीएनएसएस की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गई है। यह निषेधाज्ञा 08 फरवरी 2026 को प्रातः 06:30 बजे से अपराह्न 07:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम तथा शवयात्रा को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र जैसे बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद तथा हरवे हथियार जैसे लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला आदि लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है। साथ ही किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों एवं अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *