दावोस से लौटे झारखण्ड चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल, रांची एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
गणादेश,रांची: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026, दावोस (स्विट्ज़रलैंड) में भाग लेकर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को रांची लौटा। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और महासचिव रोहित अग्रवाल के रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर पूर्व अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों, उप-समितियों के चेयरमैन और परिजनों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
दावोस में झारखण्ड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ झारखण्ड चैम्बर की सहभागिता राज्य के व्यापार, उद्योग और निवेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। वैश्विक मंच पर झारखण्ड की औद्योगिक संभावनाओं, निवेश-अनुकूल नीतियों और मानव संसाधन क्षमताओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दावोस यात्रा अत्यंत सकारात्मक रही और वैश्विक उद्योग जगत में झारखण्ड के क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर गहरी रुचि देखने को मिली है, जिससे दीर्घकालीन निवेश के नए अवसर खुलेंगे। महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की सक्रिय भूमिका से निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है और कई वैश्विक उद्योग समूहों ने झारखण्ड में निवेश की इच्छा जताई है।
नगर विकास, पर्यटन एवं खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार ने इसे राज्य के लिए उपयोगी और परिणामदायक यात्रा बताया, जिसका सकारात्मक प्रभाव भविष्य में निवेश और पर्यटन विकास के रूप में दिखाई देगा।



