मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे, कीउल – आसनसोल रेलखंड ठप

भागलपुर। कीउल – आसनसोल रेलखंड पर शनिवार देर रात बड़ा रेल व्यवधान देखने को मिला, जब झाझा – जसीडीह रेलखंड के सिमुलतला के पास एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के बाद उक्त रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक बहाल करने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया, लेकिन मार्ग अवरुद्ध रहने के कारण कई प्रमुख यात्री ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया।
रेलवे द्वारा रविवार को कीउल – आसनसोल रूट की कुल 22 ट्रेनों को भागलपुर रेलवे स्टेशन होकर गुजारा गया। इससे भागलपुर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई और स्टेशन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
भागलपुर होकर चलाई गई ट्रेनों में पंजाब मेल, काठगोदाम – बाघ एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, कोलकाता–दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल रहीं।
इस संबंध में भागलपुर के स्टेशन अधीक्षक विनय प्रकाश ने बताया कि कीउल – आसनसोल रेलखंड पर परिचालन बाधित होने के कारण 22 ट्रेनों को भागलपुर रूट से डायवर्ट किया गया। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
फिलहाल रेलवे की तकनीकी टीमें ट्रैक बहाली में जुटी हैं और जल्द ही सामान्य परिचालन बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, इस अप्रत्याशित बदलाव से कई यात्रियों को समय में देरी जरूर हुई, लेकिन वैकल्पिक मार्ग से ट्रेनों के संचालन ने बड़ी परेशानी को टाल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *