गोमिया के आइइएल में टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

गोमिया। गोमिया प्रखंड अंतर्गत आइइएल ग्राउंड में आयोजित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ बीते दिन रविवार को किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन आइइएल ओरिका के प्रबंधन अभिषेक विश्वास एवं गोमिया प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस प्रतियोगिता में कुल 56 टीमों की भागीदारी से क्षेत्र में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच जीएसपी एकादश और गेम चेंजर टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जीएसपी एकादश ने निर्धारित ओवरों में 94 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में गेम चेंजर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 11 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि गोमिया के आइइएल ग्राउंड में आइइएल प्रबंधन द्वारा प्रत्येक वर्ष क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता रहा है और आगे भी किया जाएगा। कहा कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है। मौके पर प्रदीप भट्टाचार्य, राजेश शर्मा, मनोज सिंह, रोशन सिन्हा, मुखिया शांति देवी, पंसस हरेंद्र कुमार सिंह, प्रवीण यादव एवं कुंती देवी,जीतू पांडेय, कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका संतोष यादव, जीतू पांडेय एवं हरे नारायण ने निभाई। जबकि उद्घोषक (एनाउंसर) की जिम्मेदारी आलोक उपाध्याय ने संभाली। स्कोरिंग का कार्य दासू उरांव (बोर्ड स्कोरर), अजय सिंह एवं समर पांडे (बुक स्कोरर) द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *