बंद घरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

गणादेश बोकारो – बोकारो में लगातार बंद घरों को निशाना बनाकर की जा रही चोरी की घटनाओं से आमजन के साथ-साथ पुलिस भी परेशान थी। चोरो का आतंक सिरदर्द बना हुआ था। इस चुनौती को स्वीकार करते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देशानुसार एक छापामारी दल गठन कर सघन अभियान चलाया और बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने 9 चोरों को धर दबोचते हुए चोरी के कुल 44 कांडों का उद्भेदन किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार चोरों के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इनमें 90 ग्राम सोना (अनुमानित मूल्य 10 लाख 62 हजार रुपये), 5 किलो 300 ग्राम चांदी (करीब 9 लाख 10 हजार रुपये), नगद 52 हजार 850 रुपये शामिल हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, एक एलईडी टीवी, दो इनवर्टर, एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, पीतल व कांसे के बर्तन, दो चाकू, ताले, ग्राइंडर, गैस सिलेंडर, गणेश जी की मूर्ति तथा पूजा के बर्तन भी जब्त किया ।
प्रेस को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि चोर पहले बंद घरों की रेकी करता था और मकानों को निशाना बनाता था , जहां आवाजाही कम होती थी। इसके बाद अपने तय प्लान के अनुसार चोरी की वारदात को अंजाम देता था । उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चिरा चास स्थित के.के. सिंह कॉलोनी में चोर ताला तोड़कर घर में घुसने का प्रयास कर रहा था ।सूचना के आधार पर चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 बालिग अपराधियों और 2 नाबालिग चोरों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित मेहरा ,बड़का बासफोर उर्फ बड़का डोम , रोशन कुमार ,महेश प्रसाद सोनी , शशि कुमार वर्मा , नीरज कुमार नायक और संजय वर्मा शामिल हैं।पुलिस कप्तान के अनुसार रोहित मेहरा और बड़का बासफोर का आपराधिक इतिहास रहा है और इसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में राहत का माहौल है और आम लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *