50 लोगों की सुविधा के लिए 5 लाख लोगों को परेशानी में नहीं डाला जा सकता, मानकों के अनुसार बनेगी एनएच – विधायक शुभानंद
@ गणादेश की तल्ख खबर को अवकाश प्राप्त प्रो. डॉ. पवन कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजस्व मंत्री विजय सिन्हा को ट्वीट किया था।
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। करीब एक महीने से कीचड़ और बदहाल हालत में तब्दील शहर की मुख्य सड़क को लेकर गुरुवार को कहलगांव विधायक ई. शुभानंद मुकेश ने सख्त रुख अपनाया। दोपहर के समय उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ शहर से गुजरने वाली एनएच-80 का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
मालूम हो कि गुरुवार को गणादेश में भी ‘कोढ़ में खाज’ बन चुकी एनएच-80 को लेकर ‘नक्शा-नापी के जाल में फंसा एनएच-80 का निर्माण, नक्शा दबाए बैठा एनएचएआई, प्रशासन भी खामोश’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इस तल्ख खबर को अवकाश प्राप्त प्रो. डॉ. पवन कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजस्व मंत्री विजय सिन्हा को ट्वीट किया था।
निरीक्षण से पहले विधायक ने अपने आवास पर एनएच के कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार सुमन, ठेका एजेंसी के प्रतिनिधि अजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान शहर से गुजरने वाली एनएच-80 की चौड़ाई, निर्माण मानक, अतिक्रमण की स्थिति और सड़क की बदहाली के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद विधायक अधिकारियों के साथ कहलगांव स्टेशन चौक पहुंचे, जहां कीचड़ से लथपथ सड़क और आम लोगों की परेशानियों का उन्होंने प्रत्यक्ष जायजा लिया। सड़क की दयनीय स्थिति को देखकर विधायक ने नाराजगी जताई और कहा कि किसी भी हाल में एनएच की चौड़ाई और निर्माण मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि “50 लोगों की सुविधा के लिए 5 लाख लोगों को परेशानी में नहीं डाला जा सकता।” अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।
कहलगांव चौराहे के आगे पूरी तरह कीचड़ में तब्दील सड़क को देखते हुए विधायक ने तत्काल इसे मोटरेबुल बनाने का निर्देश दिया। इस पर कार्यपालक अभियंता ने ठेका एजेंसी को अविलंब कीचड़ हटाकर सड़क पर जेएसबी डालने का आदेश दिया, ताकि यातायात बहाल हो सके।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि एनएच के नीचे से गुजर रही जलापूर्ति पाइपलाइन के बार-बार फटने से सड़क बार-बार कीचड़युक्त हो जा रही है। पीएचईडी द्वारा समय पर मरम्मत नहीं कराए जाने के कारण फिलहाल ठेका एजेंसी ही पाइपलाइन की मरम्मत करा रही है। मौके पर काम कर रहे तकनीशियनों ने बताया कि पाइपलाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और भविष्य में इसके फिर से फटने की आशंका बनी रहेगी।
विधायक शुभानंद मुकेश ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में 5 जनवरी से पहले, स्कूल खुलने से पूर्व, सड़क को पूरी तरह मोटरेबुल बना लिया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



