जमशेदपुर में बेखौफ अपराधियों ने महिला चौकीदार की बेरहमी से की हत्या
गणादेश,रांची : जमशेदपुर के लोहनगरी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। पोटका थाना में हाल ही में पदस्थापित महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात थाना से लगभग एक किलोमीटर दूर बड़ासिगदी गांव के पास मुख्य सड़क पर हुई।
अपराधियों ने इस जघन्य हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, ताकि मामला हादसा लगे और वे बच निकलें। घटना की सूचना पोटका थाना को सड़क दुर्घटना के रूप में दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम का शव खून से लथपथ अवस्था में औंधे मुंह सड़क किनारे पड़ा हुआ है।
शव की स्थिति और चोटों को देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतका का गला धारदार हथियार से रेतने के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा और अंचल अधिकारी निकिता बाला भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हत्या के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


