छोटी-मोटी बात पर दबंगों ने पिता-पुत्र को पीटा, पुत्र गंभीर रूप से घायल, सिर में लगे पाँच टांके
गणादेश,रांची : राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित ओटीसी मैदान में शुक्रवार को मामूली सी बात पर आठ से दस युवकों द्वारा एक पिता और पुत्र पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में पुत्र अमन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट आने के बाद डॉक्टरों ने पाँच टांके लगाए हैं और उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनगर निवासी अमन वर्मा अपने छोटे भाई को बुलाने ओटीसी मैदान गया था। इसी दौरान मैदान में नशा कर रहे कुछ युवकों ने उससे “खर्चा-पानी” की मांग की। अमन द्वारा विरोध किए जाने पर युवकों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों की संख्या आठ से दस के बीच बताई जा रही है। स्थिति बिगड़ती देख अमन के पिता विनय वर्मा उसे बचाने पहुंचे, लेकिन युवकों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल अमन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर का इलाज किया गया। घटना के बाद विनय वर्मा ने पंडरा ओपी में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। इसमें गौरव सिंह, आशीष राय, पंकज साव, प्रणव सिंह और सूरज समेत कुल दस युवकों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इधर, पीड़ित के पिता का कहना है कि ओटीसी मैदान नशे का केंद्र बन चुका है, जहां दिनभर युवक नशा करते रहते हैं। इससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।



