उपायुक्त अजय नाथ झा ने सड़क दुर्घटनाओं पर व्यक्त किया गहरी चिंता

बोकारो – जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने लोगों से सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है। मंगलवार देर रात हुई एक दुर्घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एक छोटी सी जल्दबाजी भी किसी परिवार का जीवन हमेशा के लिए बदल सकती है। उपायुक्त ने भावुक अपील करते हुए कहा कि हमारी व्यस्तताओं, कार्यक्रमों और समय की भागदौड़ से बढ़कर कोई चीज़ है, तो वह है जीवन। यदि एक घंटे देर हो जाएं, तो इसमें कोई परेशानी नहीं लेकिन अपनी या अपने परिवार की जिंदगी जोखिम में डालना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर शादी विवाह जैसे आयोजनों में देर रात तक जागते हैं, थक जाते हैं, और फिर घर जाने की जल्दी में सुबह तड़के वाहन लेकर निकल पड़ते हैं। थकान, झपकी और जल्दबाजी – इन्हीं तीन कारणों से सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं।उपायुक्त ने कहा कि खुशी के मौके कभी दुख में तब्दील नहीं हों, इसलिए लोगों को चाहिए कि देर रात ड्राइविंग से बचें, थकान की स्थिति में वाहनों का संचालन बिल्कुल नहीं करें, रात के कार्यक्रमों से लौटते समय पर्याप्त विश्राम लें, परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए जागरूक करें, संभव हो तो वाहन स्वयं नहीं चलाकर किसी अनुभवी और सतर्क चालक की सहायता लें। उन्होंने ऐसे आयोजकों से भी अनुरोध किया कि वह कार्यक्रमों का समापन समय नियंत्रित रखें और मेहमानों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चला रहा है, लेकिन सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की जागरूकता और समझदारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *