आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम में उमड़ी भीड़,रांची डीसी ने कई लभुकों का ऑन द स्पॉट किया समाधान,कई ग्रामीणों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
गणादेश,रांची : झारखंड सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम एक बार फिर से शुरू की गई है। शुक्रवार को राजधानी रांची सहित पूरे राज्य के जिला मुख्यालय सहित अलग-अलग प्रखंडों में इस योजना के तहत शिविरों का आयोजन किया गया। वहीं रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री कांके प्रखंड के ऊपर कोनकी पंचायत में आयोजित शिविर में विशेष रूप से उपस्थित हुए और लोगों की समस्याएं सुनीं। डीसी ने कई लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
मौके पर उपायुक्त भजन्त्री ने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं को उनके द्वार पर ही समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस सेवा सप्ताह के दौरान जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र सहित लंबित आवेदनों का निपटारा शिविर में ही किया जा रहा है। साथ ही अबुआ आवास योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और ग्राम गाड़ी योजना की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
शिविर में मौके पर ही पेंशन स्वीकृति पत्र, सोना-सोबरन धोती-साड़ी, विभिन्न योजनाओं से जुड़ी परिसंपत्तियाँ और जमीन की दाखिल-खारिज शुद्धि पर्ची लाभुकों को सौंपी गईं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की हर योजना का लाभ निर्धारित पात्रों तक समय पर पहुँचे, ताकि ग्रामीण अपने जीवन में वास्तविक बदलाव महसूस कर सकें।
विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि राज्य सरकार का यह कार्यक्रम दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी सेवाओं को पहुँचाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
शिविर में कांके के विधायक सुरेश कुमार बैठा, प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार, अंचल अधिकारी अमित भगत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित जनप्रतिनिधि और सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



