बिहार में बदलाव तय, तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी सरकार : कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप

गणादेश,रांची : कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने दावा किया है कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम महागठबंधन के पक्ष में जाएंगे और 14 नवंबर के बाद राज्य में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार का गठन निश्चित है।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार पूरी तरह बदलाव के मूड में है। पहले चरण के मतदान में लगभग 70 प्रतिशत वोट महागठबंधन के प्रत्याशियों को मिले हैं, जबकि आगामी दूसरे चरण में, जो 11 नवंबर को होगा, 80 प्रतिशत जनता महागठबंधन के पक्ष में मतदान करेगी।

कच्छप सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में “वोट चोरी अभियान के खिलाफ मतदाता जागरूकता रथ” को रवाना करने के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान बिहार के कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया, जहां जनता में तेजस्वी यादव और महागठबंधन के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

कांग्रेस विधायक ने कहा, “बिहार के लोग अब बदलाव चाहते हैं। उन्होंने एनडीए की नीतियों से तंग आकर महागठबंधन को चुनने का मन बना लिया है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में एक नई उम्मीद और नई दिशा की शुरुआत होगी।”

वहीं, कांग्रेस और राजद के बीच कुछ सीटों पर आमने-सामने की स्थिति पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दोस्ताना मुकाबला है। उन्होंने कहा, “राजद और कांग्रेस दोनों महागठबंधन का हिस्सा हैं। चाहे कोई भी जीते, फायदा महागठबंधन को ही मिलेगा।”

कहलगांव विधानसभा सीट पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वहां बीजेपी की जीत की कोई संभावना नहीं है। जनता ने इस बार परिवर्तन का मन बना लिया है और परिणाम महागठबंधन के पक्ष में आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *