यदि एनडीए का एबीसी काम नहीं किया, तो बिहार के अगले सीएम तेजस्वी यादव होंगे” : सुप्रियो भट्टाचार्य

–घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की जीत तय, जनता देगी दिशोम गुरु को सच्ची श्रद्धांजलि

गणादेश,रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि यदि बिहार में एनडीए का एबीसी फार्मूला काम नहीं किया, तो वहां के अगले मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बहुत सजग है और एनडीए की किसी भी चालबाजी या वोट चोरी की कोशिश को इस बार सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड के घाटशिला उपचुनाव में जनता झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में मतदान कर झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन और पूर्व मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि देगी। भट्टाचार्य ने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को झामुमो भारी जनादेश के साथ विजय प्रमाणपत्र हासिल करेगा।

उन्होंने कहा कि घाटशिला क्षेत्र में शिक्षा, खनन और पर्यटन के क्षेत्र में झामुमो सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। वहां इंजीनियरिंग कॉलेजों में माइनिंग कोर्स शुरू हुए हैं और पर्यटन से हजारों लोगों को रोजगार मिला है। हर वर्ष करीब चार लाख बांग्ला पर्यटक घाटशिला आते हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।भट्टाचार्य ने कहा कि एचसीएल बंद होने से क्षेत्र के ढाई लाख लोग प्रभावित हुए हैं, और भाजपा सरकार ने उनका हक छीन लिया। झामुमो सरकार पुनः इस कारखाने को चालू कराएगी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को “बहारी” बताते हुए कहा कि जनता अब स्थानीयता और रैयती भावना के साथ खड़ी है।पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे अब हताश और निराश हैं। प्रेस वार्ता में उनके जवाब से साफ झलकता है कि वे सम्मान और राजनीति दोनों में पराजित मानसिकता में हैं।भट्टाचार्य ने कहा, “अब 14 तारीख को परिणाम आने दीजिए, फिर सब कुछ साफ हो जाएगा — हम बीजेपी के लोग नहीं हैं जो बिना परिणाम के गठबंधन समीक्षा करने लगें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *