कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया औचक निरीक्षण, CO-BDO समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित, दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

गणादेश,रांची : झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को चान्हो प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि अंचल अधिकारी , प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अधिकतर कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित थे। पूरे कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा था और कई कमरे बंद मिले।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने एक-एक कमरे का निरीक्षण करते हुए कार्यालय की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने कार्य से जुड़े ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने शिकायत की कि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है।
स्थिति देखकर मंत्री ने तत्काल रांची उपायुक्त को पूरी जानकारी दी और अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ शोकॉज़ (कारण बताओ) नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पर कार्रवाई बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर की जाएगी। साथ ही CO और BDO से भी अनुपस्थिति का कारण बताने को कहा गया है।
मंत्री ने सख्त लहजे में कहा, “सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं। यदि अधिकारी और कर्मचारी अनुशासन एवं जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे, तो ऐसे लापरवाह अधिकारियों की मांडर विधानसभा क्षेत्र में कोई आवश्यकता नहीं है।”
गौरतलब है कि चान्हो प्रखंड कार्यालय से लगातार कर्मचारियों की अनुपस्थिति और लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनज़र मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने यह औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *