भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने दी हार्दिक बधाई

गणादेश,रांची : भारत की महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से पूरा देश गौरवान्वित है। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अदम्य साहस, मेहनत और जज्बे से यह सिद्ध कर दिया कि नारी शक्ति किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। इस ऐतिहासिक जीत पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने हर्ष व्यक्त करते हुए महिला टीम को हार्दिक बधाई दी है। मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत भारतीय नारी की क्षमता, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों ने न केवल खेल जगत में नया इतिहास रचा है, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं को प्रेरणा दी है कि मेहनत और लगन से हर सपना साकार किया जा सकता है। मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने कहा कि यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने टीम के कोचिंग स्टाफ और सभी सहयोगी सदस्यों को भी बधाई देते हुए कहा कि टीम की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगी। तथा मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे,

मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने विश्व क्रिकेट मंच पर देश का परचम लहराकर यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं, महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक विजय ने न केवल खेल के क्षेत्र में भारत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के हृदय में गर्व और उत्साह की नई लहर दौड़ा दी है। यह जीत नारी शक्ति की जयगाथा है,जो आने वाले समय में भारत के स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *