सांसद कालीचरण मुंडा ने सोहराई जतरा मेला का किया उद्घाटन
खूंटी: खूंटी सदर प्रखंड के डुमरदगा गांव में शुक्रवार को ग्रामसभा सिलादोन के तत्वावधान में सोहराई जतरा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सांसद के डुमरदगा पहुंचने पर ग्राम प्रधान, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-पाठ एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ की गई।
जतरा के दौरान ग्रामसभा के युवाओं द्वारा फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, वहीं विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक गीत-नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि सोहराई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और पशुधन के साथ हमारे जीवन संबंधों का उत्सव है। यह हमारी संस्कृति, कला, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की कला और पहचान को संरक्षित करना तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद ने इस अवसर पर ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि विकास, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
गांव के लोगों ने इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई और पूरे दिन गांव में उत्सव का माहौल बना रहा। इस आयोजन में भारत मुंडा समाज के अध्यक्ष सुशील पाहन, कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मो नईमुद्दीन खां, सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग, अमित कुमार आदि मुख्य रूप से शामिल हुए।



