स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती: सीएम हेमंत सोरेन ने 160 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र

गणादेश ,रांची: झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुरुवार को 160 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने हाथों से सभी को नियुक्ति पत्र दिया।
इनमें 55 मेडिकल ऑफिसर, 38 स्पेशलिस्ट डॉक्टर, 13 डेंटल सर्जन और 54 सहायक प्राध्यापक शामिल हैं। चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की प्रक्रिया से हुआ है।
मुख्यमंत्री का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा –
आज झारखंड के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। बड़ी संख्या में डॉक्टर और सहायक प्राध्यापक नियुक्त हो रहे हैं, जो राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे। डॉक्टर को समाज में भगवान माना जाता है और आज उन भगवानों की नियुक्ति हो रही है। गरीब जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी अब आपके कंधों पर है।
सीएम ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड ने उस कठिन दौर में बेहतर प्रबंधन किया। दूसरे राज्यों के मुकाबले यहां कम मौतें हुईं। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा डॉक्टरों के साथ खड़ी है और जो बेहतर काम करेंगे उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री का वक्तव्य
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नियुक्ति पत्र पाने वाले चिकित्सकों को बधाई दी और कहा किपिछले सात महीने में हमने स्वास्थ्य विभाग में लंबी लकीर खींची है। अब तक 200 डॉक्टरों की बहाली की जा चुकी है। आने वाले समय में साढ़े दस हजार लोगों की नियुक्ति होगी। इसके साथ ही झारखंड को एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल ‘रिम्स-2’ भी मिलने जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि डॉक्टरों को सुरक्षा और सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अपर सचिव अजय कुमार, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा, और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ सान्याल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *