मुरहू सीएचसी को नई सौगात, उप प्रमुख अरुण कुमार साबू की पहल से दंत चिकित्सा सेवा शुरू होने की तैयारी

गणादेश,खूंटी : मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू लगातार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरहू के विकास और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अब उनकी पहल पर मुरहू की जनता को जल्द ही डेंटल केयर (दंत चिकित्सा) सुविधा मिलने जा रही है।
मुख्यालय से योजना लाकर दंत चिकित्सा के उपकरण अस्पताल में इंस्टॉल करा दिए गए हैं और कुछ ही दिनों में यह सेवा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। इस सुविधा के संचालन के लिए डॉक्टर आशुतोष तिग्गा की देखरेख में एक दंत चिकित्सक की पोस्टिंग भी हो गई है।
निरंतर प्रयास से मिल रही सुविधाएं
उप प्रमुख अरुण साबू नियमित रूप से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशुतोष तिग्गा के साथ बैठक कर अस्पताल की जरूरतों की पहचान करते हैं और फिर उन मांगों को जिला या मुख्यालय स्तर पर रखते हैं।
डॉ. तिग्गा ने बताया –
“उप प्रमुख लगातार हमारे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हैं। जहां भी जरूरत होती है, वहां तुरंत संबंधित विभाग को पत्र भेजकर योजना की स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कराते हैं।”
प्रशासन भी मान रहा योगदान
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुरहू रंजीत कुमार सिन्हा ने भी अरुण साबू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा –
“उप प्रमुख के सुझाव नियमित रूप से हमारे कार्यालय को मिलते रहते हैं। उनके प्रस्तावों को जिला स्तर पर भेजा जाता है और अधिकांश मामलों में स्वीकृति भी मिल जाती है। विकास की नई राह खोलने के लिए वे स्वयं जिले से संपर्क कर कार्य कराने में तत्पर रहते हैं।”
जनहित को प्राथमिकता
उप प्रमुख अरुण साबू का कहना है –
“जनता की समस्याओं का समाधान और योजनाओं को मुरहू तक लाना मेरा कर्तव्य है। सरकार से योजना लाना आसान नहीं है, लेकिन यदि निरंतर प्रयास किया जाए तो मंजूरी अवश्य मिलती है। जनता को लाभ पहुंचाना ही मेरा मुख्य लक्ष्य है।”
नए भवन का प्रस्ताव भी अंतिम चरण में
मुरहू अस्पताल के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन का प्रस्ताव भी स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के पास भेजा गया है। सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और अब केवल अंतिम अनुमोदन शेष है। इस प्रस्ताव के लिए स्थानीय सांसद भी लगातार प्रयासरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *