सीएम हेमंत सोरेन से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की मुलाकात,विकास योजनाओं पर चर्चा

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भेंट कर अनुसूचित जाति वर्ग के अंतर्गत आने वाली 22 उपजातियों के भूमिहीन परिवारों के छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया।
बैठक में श्रीमती सिंह ने स्पष्ट किया कि जाति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण इन विद्यार्थियों की शिक्षा, छात्रवृत्ति तथा रोजगार संबंधी अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा उन्होंने पूर्व में विधायक रहते हुए भी विधानसभा सत्र में उठाया था और अब मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते हुए इसे फिर से गंभीरता से रखा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस विषय की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को शीघ्र ही लाभ मिल सके।
श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता से इस समस्या का समाधान जल्द सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और राज्य सरकार हर स्तर पर इस दिशा में गंभीर और प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *