रांची के इस्लामनगर से ISIS का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, हथियार व आपत्तिजनक सामग्री बरामद
रांची: राजधानी रांची में बुधवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए आतंकी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस (आतंकवाद निरोधी दस्ता) और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित एक लॉज में छापेमारी कर आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी की यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आतंकी लंबे समय से राजधानी में ठिकाना बनाकर रह रहा था और लगातार बाहरी संपर्क में था। टीम ने लॉज के कमरे से हथियार, केमिकल्स और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की जांच विशेषज्ञों की टीम कर रही है ताकि आतंकी की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की पूरी जानकारी मिल सके।
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध आतंकी आईएसआईएस की विचारधारा से प्रभावित था और सोशल मीडिया के जरिए संगठन से जुड़ा हुआ था। वह राज्य में नए मॉड्यूल बनाने और युवाओं को बरगलाने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं। उसके मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
इस कार्रवाई के बाद राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है। इस्लामनगर और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आतंकी की गतिविधियों के बारे में और जानकारी मिल सके।
गौरतलब है कि रांची में पहली बार आईएसआईएस से जुड़ा कोई संदिग्ध आतंकी पकड़ा गया है। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां इसे एक बड़ी सफलता मान रही हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में आतंकी नेटवर्क से जुड़े और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।



