झारखंड मंत्रालय में निकला विषैला सांप, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी, सुरक्षित तरीके से किया गया रेस्क्यू
रांची : राजधानी रांची स्थित झारखंड मंत्रालय (मंत्रिमंडल सचिवालय) में बुधवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक एक विषैला सांप दिखाई दिया। मंत्रालय के एक हिस्से में रेंगते हुए सांप को देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरे सचिवालय परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत अलर्ट जारी किया और सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ रमेश स्नैकसेवर को बुलाया। सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रूप से काबू में किया।
सांप के निकलने की खबर फैलते ही मंत्रालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की भीड़ मौके पर जुट गई। कई लोग मोबाइल से वीडियो और तस्वीरें बनाने लगे। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने हालात को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए सांप की प्रजाति विषैली थी और यदि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो यह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। रेस्क्यू टीम ने सांप को पकड़ने के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
इस घटना के बाद कर्मचारियों ने मंत्रालय परिसर में नियमित रूप से सफाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।



