डीएम ने बाढ़ राहत शिविरों का किया निरीक्षण,भोजन कर रहे लोगों से पूछा हालचाल, चिकित्सा शिविर का भी लिया जायजा
भागलपुर। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र स्थित बाढ़ राहत शिविरों—टीएनबी कॉलेजिएट और सीटीएस चर्च मैदान—का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में आवासन, भोजन, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, मानव एवं पशु चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में भोजन कर रहे लोगों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली और राहत शिविर की व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया। अधिकतर लोगों ने शिविर की व्यवस्था को संतोषजनक बताया और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था की सराहना की।
डॉ. चौधरी ने टीएनबी कॉलेजिएट राहत शिविर में बच्चों से भी संवाद किया और उन्हें पढ़ाई व खेल की उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को शिक्षा और खेल के प्रति प्रोत्साहित भी किया।
सीटीएस चर्च मैदान स्थित राहत शिविर में बनाए गए चिकित्सा शिविर का भी उन्होंने निरीक्षण किया। स्वास्थ्य शिविर की पंजी का अवलोकन करने पर पता चला कि अब तक कुल 108 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई है। उन्होंने वहाँ उपस्थित चिकित्सकों से भी चर्चा की और चिकित्सा सुविधा की जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही उन्होंने खाना बनाने वाले रसोइयों को निर्देश दिया कि भोजन में तेल और मसालों का प्रयोग सीमित करें, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री विकास कुमार, उप नगर आयुक्त नगर निगम भागलपुर, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती अंकिता कुमारी सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



