हायवा की चपेट में आकर स्टैंड किरानी की दर्दनाक मौत
कहलगांव। सोमवार की संध्या लगभग साढ़े आठ बजे गंगुली मध्य विद्यालय के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्टैंड पर कार्यरत किरानी की मौत हो गई। मृतक की पहचान वभनगामा गांव निवासी बिरेंद्र कुमार सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिरेंद्र सिंह स्टैंड के समीप सड़क किनारे शौच कर रहे थे, तभी पीरपैंती की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हायवा (वाहन संख्या JH16G 6715) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद वे बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के टेम्पो, टोटो चालक और दुकानदारों की मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने हायवा चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में चालक को कहलगांव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इधर, दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। पत्नी मीना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक को दो पुत्रियाँ हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



