सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत,तीन मजदूर बाल-बाल बचे, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
भागलपुर। जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र के पितनागांव के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मिक्सर मशीन वाली मजदूरों की गाड़ी को तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।
मृतकों की पहचान लोदीपुर थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी लड्डू यादव (50) और उनके भतीजे प्रदीप यादव (32) के रूप में हुई है। लड्डू यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि प्रदीप यादव ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में मिक्सर गाड़ी में सवार अन्य तीन मजदूरों की जान बाल-बाल बच गई।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम :दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और मुआवजे की मांग को लेकर पितनागांव मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।
घर में मचा कोहराम, परिजनों की हालत खराब :हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक प्रदीप यादव की पत्नी शेपु देवी ने बताया कि सोमवार को सावन की दूसरी सोमवारी थी। प्रदीप ने कहा था कि मजदूरी से पैसे मिलेंगे तो व्रत के लिए फल लेकर आएंगे, लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया। प्रदीप अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।
सरकारी सहायता और कार्रवाई की मांग :परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार से आर्थिक सहायता तथा दोषी ट्रक चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।



