विनोद तावड़े को मिली बिहार भाजपा में नई जिम्मेवारी, 15 राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी बदले गए

पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बड़ा सांगठनिक बदलाव करते हुए 15 राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी शुक्रवार को बदल दिए। बिहार भाजपा के नए प्रभारी महाराष्ट्र के कद्दावर नेता विनोद तावड़े को बनाया है। यह पद भूपेन्द्र यादव के केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद से खाली था। हरिश द्विवेदी सह प्रभारी बने रहेंगे। बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का कद पार्टी ने बढ़ा दिया है। मंगल पांडेय को पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है। विनोद तावड़े अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री और महाराष्ट्र में देवेन्द्र फडणवीस की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
बिहार के पूर्व पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को छत्तीगढ़ का सह प्रभारी बनाया गया है। पहले भी नवीन छत्तीगढ़ के प्रभारी रह चुके हैं। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा को नार्थ -ईस्ट प्रदेश के सह प्रभारी का जिम्मा दिया गया है। बिहार से तीन नेताओं को सांगठनिक स्तर पर तरक्की मिली है। जिसमें सबसे बड़ी उपलब्धि मंगल पांडेय को मिली है। बिहार के नए प्रभारी बनाए गए विनोद तावड़े को लेकर पहले से चर्चा थी कि उन्हें बिहार में नई जिम्मेदारी मिलेगी। सभी नेताओं को दी गई नई जिम्मेदारी से संबधित पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जारी कर दिया है। नई जिम्मेदारी संभालने वाले नेताओं को तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण करने का निर्देश नेतृत्व ने दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *