दुकानदारों को रेट चार्ट उपलब्ध कराया जाए जर्मन हैंगर को सुसज्जित करने का निर्देश
भागलपुर। जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी द्वारा विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण संबंधित पदाधिकारी के साथ किया गया। नमामि गंगे घाट पर किए जा रहे बेरिकेटिंग, साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच निर्माण कार्य का उन्होंने अवलोकन किया। उन्होंने गंगा में बढ़ते जलस्तर को लेकर कार्यपालक अभियंता जल संसाधन से फीडबैक लिया तथा तदनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए।
चौकी की नंबरिंग को लेकर उन्होंने अंचलाधिकारी से फीडबैक लिया अंचलाधिकारी सुलतानगंज ने बताया कि 8 जुलाई को इसका निविदा किया जाना है। 7 जुलाई को निविदा कर लेने का निर्देश दिया। खाद्य सामग्री की रेट निर्धारण के संबंध में अंचल अधिकारी ने बताया की रेट का निर्धारण किया जा चुका है अनुमंडल पदाधिकारी सदर से इस पर अनुमोदन प्राप्त नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त कर अति शीघ्र दुकानदारों को रेट चार्ट उपलब्ध कराया जाए। दुकानदार इसे अपने दुकान के सामने में लगा के रखेंगे, जिससे कि कांवरियों को अधिक मूल्य नहीं चुकाना पड़े।
उन्होंने कहा कि सामान की गुणवत्ता पर भी दुकानदार ध्यान देंगे और उसकी सूची भी रखेंगे कौन सा चावल कितना दिया जाएगा।बताया गया कि किसी होटल के द्वारा एक निर्धारित राशि पर भरपेट खिलाया जाता है। कोई प्लेट के आधार पर अपना दर निर्धारित रखता है। नमामि गंगे घाट पर बन रहे मंच का भी अवलोकन किया तथा जल्द से जल्द इसका निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
रेलवे की जमीन पर बन रहे जर्मन हैंगर का भी उन्होंने अवलोकन किया, तथा वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह को इसे अच्छी तरह सुसज्जित करने के निर्देश दिए। इस अवसर सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति राजेश कुमार गुड्डू एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



