भागलपुर में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने बांटे सहायता उपकरण
भागलपुर। सैंडिश कंपाउंड मैदान में मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ADIP योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायता उपकरण वितरित किए गए। सहयता उपकरण पाकर सबके चेहरे खिल उठे। सांसद अजय मंडल के प्रयास से लगभग 520 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक को निशुल्क सहायक उपकरण का वितरण किया गयाजिसमें भागलपुर अनुमंडल अंतर्गत जगदीशपुर, सबौर, नाथनगर, सुल्तानगंज, शाहकुंड, गोराडीह,
एवं पीरपैंती प्रखंड के सभी पंजीकृत लाभार्थी को वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बी.एल. वर्मा, पीरपैंती विधायक ललन पासवान, सांसद प्रतिनिधि अपर्णा कुमारी, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार साह, जदयू जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, एमएलसी डा एनके यादव सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, इलेक्ट्रिक साइकिल, श्रवण यंत्र, चलने की छड़ी सहित अन्य आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु देशभर में योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है। बीते 11 वर्षों में 18,000 से अधिक शिविरों के माध्यम से 32 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग को समान अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराकर समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर अपर्णा कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यह पहल उनके लिए जीने का एक नया सहारा है।



