सभी प्रखंडों में ममता वाहन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए : उपायुक्त
खूंटी: उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी प्रखंडों में ममता वाहन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा इनका शत-प्रतिशत संचालन हो। नेशनल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के तहत बीसीजी समेत सभी आवश्यक टीकों का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की एएनसी जाँच में भी शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को वीएचएसएनडी दिवस पर स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। संस्थागत प्रसव की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि घरों में प्रसव की प्रवृत्ति पर पूर्णतः रोक लगाई जाए और सभी प्रसव संस्थागत रूप से ही कराए जाएँ।
एमटीसी केंद्रों में बेड अक्यूपेंसी शत-प्रतिशत बनाए रखने, सेक्स रेशियो में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने, और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर पर डोर-टू-डोर सैंपल कलेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सैंपल की शीघ्र जांच कर चिन्हित मरीजों का तत्काल उपचार शुरू करने को कहा गया।
उपायुक्त ने मलेरिया व कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रोगी पहचान एवं जांच कार्य में तेजी लाने, कैटरैक्ट ऑपरेशन, तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण में योग्य लाभुकों को शत-प्रतिशत शामिल करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अस्पतालों में पूर्ण एवं लंबित फिजिकल असेसमेंट की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और उसकी प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने अस्पतालों की स्वच्छता, मरीजों के लिए सुगम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, उचित बैठने की व्यवस्था, और होम गार्ड की आवश्यकता अनुसार प्रतिनियुक्ति की बात कही।
बैठक में सिविल सर्जन, डीडीएम, डीपीएम, बीपीएम, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सक तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



